भोपाल। तीन मकान,आठ बैंक खाते, दो लॉकर, लाखों के गहने, लाखों का इंवेस्टमेंट। यह संपत्ति नरसिंहपुर में पदस्थ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यपालन यंत्री अशोक कुमार जैन के यहां रविवार को लोकायुक्त छापे में मिली है।
अब तक मिली संपत्ति एक करोड़ रुपए से अधिक की है। छापे की कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त की विशेष स्थापना पुलिस की जबलपुर टीम ने रविवार को नरसिंहपुर और सागर में यह छापे मारे। जैन का सागर के कटरा बाजार में तीन मंजिला और गोपालगंज में दो मंजिला मकान है, इनमें नीचे दुकानें भी हैं।
इसके अलावा सागर के करीब रजाखेड़ी में भी दो मंजिला मकान है। उसके सागर और नरसिंहपुर में 8 बैंक खातों के अलावा सागर में दो और भोपाल में एक बैंक लॉकर का भी पता चला है।
बैंक खातों में 14.25 लाख रुपए जमा हैं। इसके अलावा एनएससी,फिक्स डिपॉजिट और म्युचुअल फंड में 7 लाख रुपए जमा हैं। लॉकर अभी खुलना बाकी है। जैन के घर में 6.10 लाख रुपए नकद, साढ़े तीन लाख रुपए का सामान और सवा दो लाख रुपए के आभूषण मिले हैं।
इसके अलावा एक कार और दो पहिया वाहन भी उसकी संपत्ति में शामिल हैं। लोकायुक्त संगठन के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक जैन के यहां छापे की कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहने की संभावना है।
No comments:
Post a Comment