Wednesday, January 19, 2011

भोपाल: साढ़े पांच लाख रुपए की एंबेसेडर छोड़ 10.71 लाख की टाटा सफारी में घूमेंगे मंत्री

भोपाल. शिवराज सरकार एंबेसेडर से अब सफारी युग में प्रवेश कर गई है।
बुधवार को मंत्रियों के लिए 24 टाटा सफारी गाड़ियां स्टेट गैरेज के बेड़े में शामिल हो गईं।
अभी कैबिनेट मंत्रियों से लेकर स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों को यह वाहन दिए गए हैं। बाकी राज्य मंत्रियों को अगले महीने तक इंतजार करना पड़ सकता है।

गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने शुभ मुहूर्त दिखवाकर वाहनों की पूजा अर्चना की। सबसे पहले गुप्ता ने अपने नए वाहन में सवारी की। इसके बाद आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह और नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री कन्हैयालाल अग्रवाल के वाहन रवाना हुए।

शाम तक आठ मंत्रियों के वाहन चालक पुराने वाहन जमाकर नए वाहन ले गए। इन वाहनों को एमपी 04 एवी 3411 से 3434 (3420 को छोड़कर) तक नंबर अलाट किए गए हैं। शिवराज सरकार के मंत्री लंबे समय से तेज गति और सुरक्षा इंतजाम वाले वाहनों की इच्छा जता रहे थे। आखिरकार करीब साढ़े पांच लाख रुपए कीमत वाली एंबेसेडर त्याग कर 10.71 लाख वाली टाटा सफारी खरीदने के लिए बजट का इंतजाम कर दिया गया।

स्टेट गैरेज के संचालक अंबरीष श्रीवास्तव ने बताया कि मार्च से पहले शेष मंत्रियों के लिए 10 वाहन और खरीदे जाने हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री समेत 34 मंत्री हैं। एक मंत्री पद रिक्त है। उन्होंने बताया कि नए वाहनों में सुरक्षा के बेहतर इंतजाम हैं। इनमें एयरबैग और तीन स्क्रीन शामिल हैं।

सड़क हादसे में हो चुकी है एक मंत्री की मौत

तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से तत्कालीन स्कूल शिक्षा मंत्री लक्ष्मण सिंह गौड़ की मृत्यु हो चुकी है। संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा, परिवहन मंत्री जगदीश देवड़ा भी वाहन दुर्घटना में घायल हो चुके हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनिस के काफिले का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों को देर रात यात्रा न करने की सलाह दे चुके हैं।

पुराने वाहनों का क्या होगा : जिन 24 मंत्रियों को नए वाहन एलाट हुए हैं। उनके एंबेसेडर वाहनों में से जो वाहन अच्छी हालत में हैं,वे अब उन अधिकारियों को दिए जाएंगे,जिनके पास पुराने वाहन हैं। इस प्रक्रिया में 24 वाहन नीलाम करने का निर्णय लिया गया था। इनमें से 11 नीलाम हो चुके हैं, बाकी 13 भी जल्द ही नीलाम किए जाएंगे।

वाहनों का गणित
134
कुल वाहन
128
राज्य स्तर पर
6
संभाग स्तर पर
111
वाहन चालक


साभार  :  भास्कर 

No comments:

Post a Comment