Wednesday, March 23, 2011

मध्यप्रदेश की 344 पंचायतों को निर्मल ग्राम पुरस्कार मिला

मध्यप्रदेश आज भी देश का ऐसा दूसरा राज्य है जहां पर सर्वाधिक पंचायतों को निर्मल ग्राम का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। वर्ष 2009-10 के लिये प्रदेश के 344 ग्राम पंचायतों को यह पुरस्कार मिला है।इस पुरस्कार से अब तक प्रदेश की लगभग दो हजार पंचायतें सम्मानित हो चुकी हैं। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटील ने बालाघाट जिले की श्रीमती बुंदियाबाई को निर्मल ग्राम पंचायत का पुरस्कार प्रदान किया। इस समारोह में प्रदेश के 18 गांवों से जुड़ी पंचायतों के सरपंच शामिल हुए। निर्मल ग्राम की ग्राम पंचायत को पुरस्कार स्वरूप आबादी के आधार पर 50 हजार से लेकर 50 लाख रुपये तक के पुरस्कार प्रोत्साहन स्वरूप दिये जाते हैं। निर्मल ग्राम पंचायत पुरस्कार पाने में प्रदेश का जबलपुर जिला अव्वल है जहां कि 46 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के लिये चुना गया है। दूसरे नम्बर पर रीवा जिला एवं तीसरे नम्बर पर बड़वानी हैं जहां कि क्रमश: 37 एवं 22 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है।
समग्र स्वच्छता अभियान के तहत गांवों में साफ-सफाई तथा खुले में शौंचमुक्त गांव बनाने के लिये निर्मल ग्राम पंचायत पुरस्कार की स्थापना की गई है। वर्ष 2009-10 में मध्यप्रदेश के 344 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के लिये चुना गया। इसके पूर्व 2006-07 में 190 ग्राम पंचायत, 2007-08 में 682 ग्राम पंचायत तथा 2008-09 में 639 ग्राम पंचायतें पुरस्कृत हो चुकी हैं। मध्यप्रदेश पिछले दो वर्षों से निर्मल ग्राम बनाने में पूरे देश में दूसरे नम्बर पर है।
निर्मल ग्राम पंचायत पुरस्कार योजना के तहत अनूपपुर जिले के 16 गांव, अशोकनगर के एक, बालाघाट जिले के 15, बड़वानी जिले के 22, बैतूल जिले के आठ, भिण्ड जिले के छह, भोपाल जिले के 15, बुरहानपुर जिले के आठ, छतरपुर जिले के चार, छिन्दवाड़ा जिले के 12, दमोह जिले के सात, दतिया जिले के 10, धार जिले के छह, डिण्डौरी जिले के सात, खण्डवा का एक, गुना के चार, जबलपुर जिले के 46, अलीराजपुर जिले का एक, कटनी जिले के 15, मुरैना का एक, नरसिंहपुर जिले के तीन, नीमच जिले के नौ, पन्ना जिले के 15, रायसेन जिले के 14, राजगढ़ जिले के 10, रीवा जिले के 37, सागर का एक, सतना के 20, सीहोर के सात, सिवनी के नौ, शहडोल जिले का एक, शाजापुर जिले के तीन, सीधी जिले के तीन एवं विदिशा जिले के सात ग्राम पंचायत पुरस्कृत हुई हैं।

No comments:

Post a Comment