Friday, March 11, 2011

इंदौर: नगर निगम के उपयंत्री के यहां मिली 1.10 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति

इंदौर: विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त इंदौर द्वारा नगर पालिक निगम इंदौर के उपयंत्री बृजमोहन भगोरिया के इंदौर स्थित निवास पर आज सुबह तड़के छापा मार तलाशी ली गई।तलाशी में एक करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल सम्पत्ति की जानकारी मिली।

विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त इंदौर पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि बृजमोहन भगोरिया के विरुद्ध सूचना प्राप्त हुई थी कि उनके पास अपनी आय से अधिक चल-अचल सम्पत्ति एकत्रित है। इस कारण भगोरिया के विरुद्ध अनुपातहीन सम्पत्ति से संबंधित धारा का प्रकरण पंजीबद्ध कर विशेष न्यायालय इंदौर से विधिवत तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई की गई, जिसमें एक करोड़ 10 लाख 44 हजार 933 रुपये से अधिक की चल-अचल सम्पत्ति का होना प्राथमिक आंकलन अनुसार पाया गया।

चल-अचल सम्पत्ति में पांच मकान, दो प्लाट, परिवारजनों के नाम एलआईसी प्रीमियम के रूप में जमा राशि, परिवारजनों के नाम बैंक में जमा राशि, घरेलू सामान और निवास से जब्त नगद राशि एवं स्वर्ण आभूषण शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment